करनाल में देश बचाओ-वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ मार्च:कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने उठाया,रोड पर जाम लगाने से रोकने पर सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की जैसी स्थिति




करनाल में गुरुवार को कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के अन्य दलो के साथ मिलकर देश बचाओ–वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत रोष मार्च निकाला। जिला कांग्रेस कमेटी शहरी और ग्रामीण की ओर से आयोजित मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, माल रोड से सुबह 11 बजे प्रदर्शनकारी अंबेडकर चौक की ओर बढ़े। माल रोड पर पुलिस ने उन्हें जाम लगाने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को उठाकर हिरासत में ले लिया। इंडिया गठबंधन के बैनर तले निकाला मार्च
एआईसीसी और पीसीसी के निर्देशानुसार तथा इंडिया गठबंधन के बैनर तले देशभर में “देश बचाओ–वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में करनाल में जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) एवं जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) ने संयुक्त रूप से रोष मार्च निकाला। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक के रूप में विधायक अशोक अरोड़ा भी पहुंचे। प्रदर्शनकारी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से अंबेडकर चौक की तरफ बढ़ रहे थे। माल रोड पर आमने-सामने हुई पुलिस और प्रदर्शनकारी
मार्च जब माल रोड पर पहुंचा तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क पर जाम लगाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और प्रदर्शनकारियों को उठाकर डिटेन कर लिया। अशोक अरोड़ा बोले- बाबा साहेब ने दिया वोट का अधिकार
कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज पूरा देश और इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल लोकतंत्र बचाने के लिए मार्च निकाल रहे हैं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को वोट का अधिकार दिया। उस समय 21 वर्ष की उम्र में हर व्यक्ति को यह अधिकार मिला, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, गांव में रहता हो या शहर में, पढ़ा-लिखा हो या अनपढ़। इसी वजह से भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बना।
अरोड़ा ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है और वह लोकतंत्र का मायना भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि ईडी, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी स्वतंत्र संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर भी उठाए सवाल
अशोक अरोड़ा ने कहा कि पहले मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था के तहत होती थी। इसमें बदलाव कर मुख्य न्यायाधीश की जगह एक मंत्री को शामिल किया गया। उनके अनुसार इससे सरकार की मंशा स्पष्ट हो गई थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं। अरोड़ा ने दावा किया कि परसों सुप्रीम कोर्ट ने भी फॉर्म-6 में किए गए बदलाव को लेकर संज्ञान लिया। उनके अनुसार बदलाव से पहले किसी से मंजूरी नहीं ली गई और दो अन्य चुनाव आयुक्तों ने भी 14 बार असहमति संबंधी नोट दिए थे। उन्होंने कहा कि यह मामला कैबिनेट सचिव तक भी पहुंचाया गया था।
अरोड़ा ने कहा कि कल सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लिया और नियुक्ति में किए गए बदलाव की भी जांच हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान को बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है।
भाजपा पर चुनाव आयोग को बचाने का आरोप
अशोक अरोड़ा ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग से जवाब मांग रही है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से जवाब देने के बजाय भाजपा बोल रही है। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा बड़ा सबूत क्या हो सकता है। अरोड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि “चोर की दाढ़ी में तिनका” है। गोगी बोले- लोकतंत्र और संविधान बहाल होना चाहिए
पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हुई है, क्योंकि मोदी और अमित शाह की कथित गुंडागर्दी संविधान को खत्म करने की दिशा में है। उन्होंने कहा कि इसमें ज्ञानेश कुमार को मोहरा बनाया गया है। गोगी ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट तक को नहीं बख्शा गया।
उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और पूरा देश आंदोलित है। कांग्रेस की मांग है कि 2024 के बाद हुए सभी चुनावों को लेकर एसआईआर को रद्द किया जाए और इन चुनावों को भी रद्द करवाया जाए। उन्होंने कहा कि देश में जनता की चुनी हुई सरकार होनी चाहिए, लोकतंत्र बहाल होना चाहिए और संविधान की रक्षा होनी चाहिए। राहुल गांधी को लेकर भी साधा निशाना
शमशेर सिंह गोगी ने राहुल गांधी को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, “राहुल गांधी ने फट्टे चख रखे हैं। ये भाजपा वाले उनको पप्पू कहते थे, वो इनका पापा बन गया। प्रदर्शन के दौरान माल रोड पर पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया और कई प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *