![]()
करनाल के मधुबन थाना क्षेत्र में हसनपुर रेलवे फाटक के पास कार चालक से लूट का मामला सामने आया है। वारदात हसनपुर रेलवे फाटक के पास चार-पांच युवकों ने कार के सामने बाइक अड़ा दी और ईंटों से हमला करने के बाद नकदी छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक की बातों पर संदेह होने के बाद उसे थाने ले जाकर पूछताछ की गई।
घरौंडा से गांव रसीन जाते समय हुई घटना बताई
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गांव रसीन निवासी अमित शर्मा रात करीब साढ़े 8 बजे कार से घरौंडा से अपने गांव रसीन जा रहा था। अमित ने पुलिस को बताया कि हसनपुर रेलवे फाटक पार करने के बाद होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के सामने चार-पांच युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी बाइकें अड़ा दीं। इसके बाद युवकों ने ईंटों से कार पर हमला किया और उसके पास मौजूद 1 लाख 4 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अमित शर्मा से घटना के संबंध में बातचीत की। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके बयान और पूरे घटनाक्रम को लेकर कुछ संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए मधुबन थाने ले आई। पूछताछ में खुला मामला, कारण जानने में जुटी पुलिस
मधुबन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लखविंद्र सिंह ने बताया कि हसनपुर रेलवे फाटक के पास कार चालक से लूटपाट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक से बातचीत के दौरान मामला संदिग्ध लगा। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो सामने आया कि लूट की घटना मनगढ़ंत थी। थाना प्रभारी ने बताया कि अब कार चालक से यह कहानी गढ़ने के पीछे के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
Source link
करनाल में युवक पर हमला कर की लूट:हसनपुर रेलवे फाटक के पास चार-पांच युवकों ने बाइक अड़ाकर ईंटों से हमला कर दिया वारदात को अंजाम
