![]()
करौली के सामान्य चिकित्सालय में राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) की सेवाएं फिर से सुचारु हो गई हैं। अस्पताल के इंडोर वार्ड में आई तकनीकी खराबी को दूर कर दिया गया है, जिसके बाद आरजीएचएस लाभार्थियों के लिए इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की सेवाएं पहले की तरह शुरू हो गई हैं। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. रामकेश मीना ने बताया कि हाल ही में इंडोर वार्ड की तकनीकी समस्या के कारण आरजीएचएस से संबंधित कुछ असुविधा हुई थी। इस समस्या का अब समाधान कर लिया गया है। डॉ. मीना ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ आरजीएचएस लाभार्थियों ने शिकायत की थी कि अधिकृत चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाइयां कुछ सप्लायर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। सप्लायरों का तर्क था कि सामान्य चिकित्सालय करौली का नाम आरजीएचएस पोर्टल से हटा दिया गया है, जिसके कारण वे दवा नहीं दे सकते। पीएमओ ने इस बात पर जोर दिया कि सामान्य चिकित्सालय एक राजकीय चिकित्सालय है और आरजीएचएस द्वारा अस्पताल के किसी भी चिकित्सक या अधिकृत दवा सप्लायर का लाइसेंस निलंबित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के सभी चिकित्सक नियमानुसार आरजीएचएस लाभार्थियों के लिए दवाइयां लिख रहे हैं। ऐसे में अधिकृत दवा सप्लायरों को भी नियमानुसार दवाइयां उपलब्ध करानी होंगी। यदि कोई सप्लायर दवा देने से इनकार करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
करौली अस्पताल में आरजीएचएस सेवाएं फिर शुरू:इंडोर वार्ड की तकनीकी खराबी दूर, लाभार्थियों को मिलेगा पहले जैसा इलाज
