![]()
विदिशा-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कुआंखेड़ी के पास रविवार रात एक कार ने सड़क पर बैठी तीन गायों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गाय घायल हो गईं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घायल गायों के इलाज और दोषी वाहन ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया। बारिश में बढ़ जाती है समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़कों पर मवेशियों के बैठने की समस्या बढ़ जाती है। कई लोग मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिससे वे सड़कों पर आ जाते हैं। पर्याप्त गोशालाएं न होने के कारण निराश्रित मवेशियों को स्थायी ठिकाना नहीं मिल पा रहा है। उनके अनुसार, सड़क पर बैठे मवेशी अक्सर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निराश्रित मवेशियों के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने और सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। विदिशा एसडीएम मनीष जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को सागर-विदिशा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुआंखेड़ी के पास सागर से विदिशा आ रही एक कार ने सड़क पर मौजूद तीन गायों को टक्कर मारी थी। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गाय घायल हुई हैं। प्रदर्शन से यातायात प्रभावित हुआ
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मृत गाय और घायल पशुओं के सड़क पर होने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से मौके पर अमला भेजा। अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क से बाधा हटाकर यातायात व्यवस्थित कराया गया। हादसे में घायल दोनों गायों को पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका आवश्यक उपचार कराया गया। मौके पर एसडीएम मनीष जैन, विदिशा ग्रामीण तहसीलदार ओम बघेल, ग्रामीण थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन और पुलिस की टीम ने स्थिति पर निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
Source link
कार ने 3 गायों को मारी टक्कर, एक की मौत:विदिशा में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम; घायल गायों के इलाज और कार्रवाई की मांग
