कुआनों नदी में युवक लापता, दूसरे दिन भी तलाश जारी:पिता ने हत्या की आशंका जताई, दो युवक और एक युवती के साथ गया था




बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र स्थित सिधौनी घाट पर कुआनों नदी में नहाते समय लापता हुए आदर्श कुमार (22) की तलाश शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के बाद अब एसडीआरएफ की टीम भी युवक की खोज में जुटी है। हालांकि, देर शाम तक आदर्श का कोई सुराग नहीं मिल सका। आदर्श 27 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ सिधौनी घाट पर नदी में नहाने गया था। बताया गया कि नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलने पर गौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाश कराई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। आदर्श के पिता ने दुर्घटना की आशंका से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि दो युवक और एक युवती आदर्श को अपने साथ सिधौनी घाट ले गए थे। पिता का आरोप है कि पुल पर कपड़े उतारने के बाद आदर्श को नदी में धक्का दे दिया गया, जिसके बाद दोनों युवक शोर मचाते हुए मौके से चले गए। पिता ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च अभियान संभाला। टीम ने नदी की गहराई, बहाव और घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेते हुए तलाश शुरू की। आदर्श वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव का निवासी है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है। शव बरामद होने और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *