भास्कर न्यूज | नारायणपुर ग्राम कुकड़ाझोर में मिशनरी पास्टर के कथित रूप से रहकर धार्मिक गतिविधियां संचालित करने और मतांतरण कराए जाने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने गोंडवाना समाज, जिला नारायणपुर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पास्टर फूलसिंह, पिता सोमारू राम, निवासी बोरगांव, जिला नारायणपुर को कुकड़ाझोर से हटाकर उनके मूल गांव बोरगांव भेजने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों के आवेदन के अनुसार, कुकड़ाझोर में हुई दो सामाजिक बैठकों में पास्टर फूलसिंह से गांव छोड़कर बोरगांव जाने को कहा गया था। आवेदन में दावा है कि उन्होंने गांव छोड़ने की बात स्वीकार की थी, लेकिन अब तक कुकड़ाझोर में रह रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में घर-घर जाकर प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। आवेदन में कुकड़ाझोर को 5वीं अनुसूची क्षेत्र बताते हुए पारंपरिक सामाजिक और धार्मिक माहौल बनाए रखने की मांग की गई है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने दावा किया कि करीब 10 परिवार मूल धर्म छोड़कर ईसाई धर्म में मतांतरित हुए हैं। यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ परिवार मूल धर्म में लौटना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका गया।
Source link
कुकड़ाझोर में मिशनरी गतिविधियों के आरोप, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
