![]()
कोंडागांव में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोंडागांव में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 150 युवक-युवतियों ने विशाल तिरंगा रैली निकालकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगा रैली विकास नगर स्टेडियम से शुरू होकर बंग समाज भवन तक पहुंची। रैली में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने तिरंगे के साथ कारगिल के वीर जवानों को याद किया। दीप प्रज्ज्वलन और मौन रखकर दी श्रद्धांजलि मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कारगिल युद्ध के शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कारगिल युद्ध के इतिहास पर डाला प्रकाश जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने परिषद का राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। वहीं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कारगिल युद्ध के इतिहास, भारतीय सेना के शौर्य और विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया। कारगिल योद्धा सहित पूर्व सैनिकों का सम्मान कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में प्रत्यक्ष रूप से शामिल रहे परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा का शॉल और श्रीफल भेंट कर विशेष सम्मान किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ पूर्व सैनिकों और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण देने वाले पूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। देशभक्ति से सराबोर रहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पूर्व सैनिकों के बच्चों और सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दो नए पूर्व सैनिक परिषद से जुड़े संगठन विस्तार के तहत दो नए पूर्व सैनिकों को परिषद की राष्ट्रीय कैप पहनाकर सदस्यता दिलाई गई। ‘कारगिल विजय दिवस बलिदान को याद करने का अवसर’ कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने सभी पूर्व सैनिकों, युवाओं, मातृशक्ति, सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के त्याग, शौर्य और बलिदान को नमन करने का अवसर है।
Source link
कोंडागांव में कारगिल विजय दिवस पर निकली विशाल तिरंगा रैली:पूर्व सैनिकों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि,150 युवक-युवतियों ने लिया हिस्सा
