![]()
फरीदकोट में कोटकपूरा की नई अनाज मंडी में टीआर एग्रो इंडस्ट्री से करीब 55 करोड़ रुपए की लेनदारी को लेकर आढ़ती एसोसिएशन का धरना लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। वीरवार को धरने फरीदकोट के पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक और युवा कांग्रेस नेता शाहबाज सिंह संधू विशेष तौर पर पहुंचे और आढ़तियों के संघर्ष को अपना समर्थन दिया। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक ने कहा कि आढ़तियों की ओर से अपने ही पैसों की वसूली के लिए इतने लंबे समय से संघर्ष करना चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित फर्म पर अपने साथ कारोबार करने वाले व्यापारियों के साथ विश्वासघात करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले व्यापारिक विश्वास को प्रभावित करते हैं और इसका असर पूरे कारोबार पर पड़ता है। मोहम्मद सदीक ने आढ़ती एसोसिएशन से पूरे मामले की विस्तृत लिखित शिकायत तैयार कर उन्हें देने का आह्वान किया। सीएम मान से की जाएगी मामले में हस्तक्षेप करने की मांग उन्होंने कहा कि इस शिकायत के आधार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मामले में हस्तक्षेप कर आढ़तियों की लेनदारी का निपटारा करवाने की अपील की जाएगी। इस दौरान युवा कांग्रेस नेता शाहबाज सिंह संधू ने कहा कि यदि उनके पास सत्ता होती तो आढ़तियों को अपने ही पैसों की वसूली के लिए इस तरह धरना देने की जरूरत नहीं पड़ती। आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान ऊधम सिंह औलख और कोटकपूरा प्रधान उमेश गर्ग ने धरने में पहुंचकर समर्थन देने वाले पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक, शाहबाज सिंह संधू सहित अन्य राजनीतिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आढ़तियों की बासमती फसल की करीब 55 करोड़ रुपये की राशि टीआर एग्रो इंडस्ट्री से लेनी है और इस संबंध में कई दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष किया जा रहा है।
Source link
कोटकपूरा में आढ़तियों के धरने को पूर्व सांसद का समर्थन:मंडी में 55 करोड़ के विवाद में सीएम से बात करने का भरोसा दिया
