Headlines

गाजीपुर में सीवर खुदाई में फटी मुख्य पेयजल लाइन:महुआबाग में तीन दिन से पानी की सप्लाई ठप




गाजीपुर के महुआबाग क्षेत्र में सीवर लाइन की मरम्मत के लिए की गई खुदाई से लोगों को परेशानी हो रही है। शनिवार को जेसीबी से गड्ढा खोदने के दौरान नगर की मुख्य पेयजल आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप फटने के बाद पिछले तीन दिनों से सड़क पर लगातार पानी बह रहा है, जिससे आसपास के मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति बाधित है। मंगलवार सुबह दैनिक भास्कर की टीम से स्थानीय लोगों ने बताया कि कई घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है और उन्हें हैंडपंप या मिनरल वाटर पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वार्ड नंबर-5 सुभाष नगर के सभासद सनी चौरसिया ने आरोप लगाया कि महुआबाग क्षेत्र में करीब एक महीने से सीवर लाइन में रिसाव था। इसकी मरम्मत के लिए जल निगम द्वारा शनिवार को खुदाई कराई गई। इसी दौरान जेसीबी से मुख्य पेयजल पाइपलाइन फट गई। उन्होंने बताया कि सीवर और पेयजल की पाइपलाइनें कई जगहों पर एक-दूसरे के बेहद करीब या समानांतर बिछी हैं। ऐसे में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने पर गंदा पानी पेयजल पाइपलाइन में जाने का खतरा बना हुआ है। सभासद चौरसिया ने यह भी कहा कि उन्होंने कुछ माह पहले सभासदों की बैठक के दौरान जिलाधिकारी के सामने भी इस समस्या को उठाया था। उनका आरोप है कि यदि समय रहते पाइपलाइनों की स्थिति ठीक नहीं की गई, तो भविष्य में दूषित पानी से गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा हो सकता है। एक अन्य सभासद सोमेश मोहन राय ने आरोप लगाया कि सीवर की मरम्मत के दौरान जेसीबी से खुदाई की गई, लेकिन मौके पर मौजूद पेयजल की मुख्य पाइपलाइन का ध्यान नहीं रखा गया। पाइप फटने के बाद पानी सड़क पर बह रहा है। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन के आसपास झाग और गंदा पानी निकलने की शिकायत भी की गई है। उन्होंने जल निगम के अधिकारी मानिकचंद से इस संबंध में शिकायत करने की बात कही। उनका आरोप है कि नगर में सीवर लाइन बिछाते समय पेयजल पाइपलाइन की स्थिति का सही तरीके से सर्वे नहीं किया गया। यही वजह है कि मरम्मत के दौरान बार-बार दूसरी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति पैदा हो रही है। मनोनीत सभासद रूपेश सिंह ने आरोप लगाया कि नगर में जहां-जहां पेयजल सप्लाई की पाइपलाइन गई है, कई स्थानों पर उसके समानांतर सीवर लाइन बिछा दी गई है। उनका कहना है कि मौजूदा मामले में सीवर लाइन की मरम्मत के लिए जेसीबी से खुदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन भी फट गई। इससे दूषित पानी के पेयजल लाइन में जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि शहर में नई पेयजल लाइनें भी कई जगह नालियों के किनारे बिछाई जा रही हैं। यदि भविष्य में इनमें लीकेज हुआ तो नाली का पानी पेयजल लाइन में पहुंच सकता है। दुकानदार बोले- पानी नहीं आया तो चाय तक बनाना मुश्किल महुआबाग निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि तीन दिन से घर में सप्लाई का पानी नहीं आ रहा है। पाइपलाइन फटने वाली जगह पर सीवर, नाले और पानी की लाइन का पानी एक साथ जमा हो रहा है। फिलहाल हैंडपम्प से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। चाय विक्रेता मंगरू ने बताया कि पाइपलाइन फटने के बाद दुकान के सामने गड्ढे का मलबा पड़ा है। ग्राहक नहीं आ रहे हैं। एक-दो बार पानी आया भी तो बदबूदार था, इसलिए उससे चाय बनाना बंद करना पड़ा। दुकानदार मंजय गुप्ता ने बताया कि तीन दिन से पानी की सप्लाई बाधित है और ग्राहकों को मिनरल वाटर पिलाना पड़ रहा है। सपा नेता ने नगर पालिका व्यवस्था पर उठाए सवाल समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष आमिर अली ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में सड़क, सीवर और पेयजल व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि महुआबाग जैसी प्रमुख सड़क से रोजाना हजारों लोग, स्कूली वाहन और बच्चे गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क पर बहते पानी और खुले गड्ढे की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सभासदों ने तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने के साथ पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *