Headlines

गुना में स्ट्रीट लाइटें बंद,भुगतान के बावजूद फाल्ट नहीं सुधरे:1.91 लाख रुपए मासिक भुगतान के बाद भी लाइटें बंद, नपाध्यक्ष ने दी चेतावनी




गुना शहर में पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। कई इलाकों में लाइटें बंद हैं और फाल्ट होने के बाद भी समय पर सुधार नहीं किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद गुना की ओर से स्ट्रीट लाइट चालू-बंद करने, रखरखाव और फाल्ट सुधारने के लिए बिजली कंपनी को प्रतिमाह करीब 1.91 लाख रुपए का भुगतान किया जा रहा है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर अब नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने आंदोलन की चेतावनी दी है। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने बताया कि स्ट्रीट लाइट चालू और बंद करने के साथ रखरखाव की जिम्मेदारी बिजली कंपनी की है। इसके लिए नगरपालिका की ओर से प्रतिमाह 1.91 लाख रुपए का भुगतान किया जाता है। इसके बावजूद स्ट्रीट लाइट समय पर चालू और बंद नहीं की जा रही हैं। फाल्ट वाली लाइनों की दुरुस्ती भी समय पर नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से बिजली कंपनी द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। निगरानी के अभाव में कई जगह स्ट्रीट लाइट की लाइनें बंद रहती हैं। नगरपालिका की ओर से स्ट्रीट लाइट से संबंधित प्रतिदिन की शिकायतें व्हाट्सएप ग्रुप पर डाली जाती हैं, लेकिन उनका भी समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है। मुक्तिधाम में अंधेरे में हुई अंत्येष्टि अध्यक्ष ने बताया कि पिछले दिनों कैंट मुक्तिधाम और बूढ़े बालाजी मुक्तिधाम में अंधेरे में अंत्येष्टि किए जाने के मामले सामने आए। इन स्थानों पर फाल्ट की जानकारी नगरपालिका की ओर से पहले ही बिजली कंपनी को दे दी गई थी। इसके बावजूद समय पर सुधार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि रात में फ्यूज या फेस फाल्ट होने पर भी उसे तत्काल ठीक नहीं किया जाता। इससे आम नागरिकों को परेशानी होती है और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की छवि भी खराब हो रही है। कई बार पत्र और ग्रुप पर शिकायत भेजी नगरपालिका अध्यक्ष के मुताबिक, सीएमओ कार्यालय की ओर से पत्र क्रमांक 1441/26, दिनांक 18 मई 2026 के माध्यम से बिजली कंपनी को स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्या की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट नगरपालिका-विद्युत मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप पर भी कैंट मातापुरा (मरघटशाला) की फाल्ट लाइन सहित अन्य शिकायतें भेजी गई हैं। अध्यक्ष ने कहा कि शिकायतों के बावजूद फाल्ट सुधारने में देरी हो रही है। स्ट्रीट लाइट बंद रहने से शहर के कई हिस्सों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने बिजली कंपनी को चेतावनी दी है कि यदि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षद कंपनी के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइट की नियमित निगरानी और फाल्ट का तत्काल सुधार जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो और रात के समय शहर में पर्याप्त रोशनी बनी रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *