![]()
गुरुग्राम के पॉश इलाके सिविल लाइन में उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली के रहने वाले एक युवक ने अचानक बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। युवक अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगा, “मुझे गोली मार देंगे, मुझे गोली मार देंगे!” युवक की यह चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक के साथ एक लड़की भी मौजूद थी। युवक की इस हरकत से वह लड़की भी बेहद घबरा गई। डर के मारे युवक खुद को बचाने के लिए बार-बार उस लड़की के पीछे छिपने की कोशिश कर रहा था। दहशत और मानसिक संतुलन खोने के कारण वह काफी देर तक सरे राह लड़की को अपनी बाहों में जकड़कर बैठा रहा। इस अजीबोगरीब और डरावने मंजर को देखकर राहगीरों में यह खौफ फैल गया कि कहीं मामला किसी बड़ी वारदात से जुड़ा तो नहीं है। पुलिस के पहुंचने पर भी नहीं थमा नाटक
स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना नियंत्रण कक्ष को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और पीसीआर की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों ने युवक को शांत करने और उसे सुरक्षित घेरे में लेने का प्रयास किया, लेकिन उसका डर कम होने का नाम नहीं ले रहा था। वह पुलिस को देखकर भी लगातार यही चिल्ला रहा था कि उसकी जान को खतरा है और कोई उसे मार डालेगा। परिजनों ने खोला युवक की हालत का राज
जब पुलिस और लड़की के समझाने का युवक पर कोई असर नहीं हुआ, तो साथ मौजूद लड़की ने सूझबूझ दिखाई। उसने तुरंत युवक के मोबाइल से उसके परिजनों को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी देकर उन्हें गुरुग्राम बुलाया। सूचना मिलते ही युवक के घरवाले आनन-फानन में दिल्ली के उत्तम नगर से सिविल लाइन पहुंचे। परिजनों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और भीड़ को बताया कि लड़के की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव और बीमारी से जूझ रहा है, जिसका डॉक्टर से नियमित इलाज भी चल रहा है। परिजनों के अनुसार, वह घर से यह कहकर निकला था कि वह किसी काम से गुरुग्राम जा रहा है, लेकिन रास्ते में अचानक उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई और वह इस तरह का भ्रम का शिकार हो गया कि कोई उसे जान से मारने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा
सिविल लाइन थाना के प्रभारी सुखबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हमें एक युवक द्वारा हंगामा करने और खुद की जान को खतरा बताने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला कि युवक दिल्ली का रहने वाला है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। युवक के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसके इलाज से जुड़े दस्तावेज और मेडिकल हिस्ट्री पुलिस को दिखाई। इसके बाद, पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर युवक को सुरक्षित उसके माता-पिता और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया, जिसके बाद इलाके में दो से तीन घंटों से चल रहा यह हाईवोल्टेज ड्रामा और तनावपूर्ण माहौल शांत हो सका।
Source link
गुरुग्राम में युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा:'मुझे गोली मार देंगे' चिल्लाकर युवक ने फैलाया खौफ, लड़की को बाहों में लेकर बैठ गया
