![]()
अमृतसर स्थित खालसा कॉलेज और खालसा यूनिवर्सिटी के परिसर में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) द्वारा ‘फिट इंडिया-फिट पंजाब’ अभियान के तहत एक विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रखने और उन्हें खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय हॉकी स्टार जर्मनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। युवाओं को खेलों से जोड़ने में पंजाब की अहम भूमिका कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, खालसा कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के मानद सचिव राजिंदर मोहन सिंह छीना ने साई (SAI) की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा से देश को कई महान खिलाड़ी दिए हैं और इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने में मील का पत्थर साबित होते हैं। कार्यक्रम में पूर्व ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और अर्जुन पुरस्कार विजेता सुमन बाला भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। एशियाई खेलों में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक में प्रवेश गर्व का पल हॉकी स्टार जर्मनप्रीत सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर सीधे पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना पूरी भारतीय टीम के लिए बेहद भावुक और गर्व भरा पल था। उन्होंने कहा कि विश्व कप के बाद टीम ने कड़ी मेहनत के बल पर शानदार वापसी की। उन्होंने कहा कि जब भी युवा खिलाड़ी सलाह लेने आते हैं, तो वह अपने अनुभव उनके साथ साझा करते हैं ताकि युवाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे देश के लिए खेल सकें। गांव-गांव में बने एस्ट्रोटर्फ मैदान और बढ़े प्रोत्साहन राशि हॉकी खिलाड़ी जुगराज सिंह ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों पर ध्यान केंद्रित करें। अपने गांव अटारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आज वहां 100 से ज्यादा बच्चे हॉकी खेल रहे हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए मांग की कि चूंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी अब एस्ट्रोटर्फ पर खेली जाती है, इसलिए गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में शुरुआती स्तर से ही एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किए जाने चाहिए। उन्होंने सरकार से खिलाड़ियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार बढ़ाने की भी अपील की।
Source link
गोल्ड मेडलिस्ट जर्मनप्रीत-जुगराज सिंह सम्मानित:फिट इंडिया-फिट पंजाब; युवाओं से बोले- नशे से दूर रहें, खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं
