![]()
करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में स्थित पीआर गोदाम में सरकारी अनाज चोरी करने का मामला सामने आया है। गोदाम परिसर में गश्त के दौरान 3 संदिग्ध व्यक्ति अनाज की बोरियां लेकर भागने की कोशिश करते पकड़े गए। मौके पर 2 आरोपियों को रंगे हाथों काबू कर लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। घरौंडा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर शिकायतकर्ता राजेश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 जुलाई को दोपहर करीब 2:10 बजे वह अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ पीआर गोदाम परिसर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान 3 अज्ञात व्यक्ति गोदाम के अंदर सरकारी अनाज की बोरियां चोरी कर भागने का प्रयास करते दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत घेराबंदी कर 2 व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी किया गया अनाज और एक बाइक बरामद हुई। पहले भी चोरी में पकड़े जा चुके हैं आरोपी राजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पहले भी गोदाम में चोरी करते हुए पकड़े जा चुके हैं और इस तरह की वारदात के आदी हैं। दोनों आरोपियों को गोदाम परिसर में सुरक्षित रखा गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दर्ज किया मामला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर की शिकायत के आधार पर घरौंडा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रोहताश को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच जारी है और बरामद अनाज व वाहन को कब्जे में लिया गया है। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। तीसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
Source link
घरौंडा पीआर गोदाम में अनाज चोरी का प्रयास:2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; मौके से बाइक-अनाज बरामद
