![]()
चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत जसौरगढ़ निवासी राजेश कुमार ने थाईलैंड में आयोजित UWSFF वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने 130+ किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थाईलैंड के चियांग माई में 20 से 22 अगस्त तक आयोजित की गई थी। इसमें दुनिया के विभिन्न देशों के नामी पावरलिफ्टरों ने हिस्सा लिया। राजेश कुमार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पावरलिफ्टिंग टीम इंडिया में हुआ था चयन जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार का चयन पावरलिफ्टिंग स्पर्धा के लिए टीम इंडिया में हुआ था। प्रतियोगिता के लिए जारी उनके एथलीट प्रोफाइल में भी उन्हें भारतीय दल के सदस्य के रूप में दर्ज किया गया था। स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना राजेश की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे हिमाचल प्रदेश, चंबा और विशेष रूप से चुराह क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। राजेश की जीत की खबर जैसे ही उनके गृह क्षेत्र पहुंची, स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद राजेश ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और जुनून के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। चुराह जैसे दुर्गम क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
Source link
चंबा के राजेश ने थाईलैंड में पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड:UWSFF वर्ल्ड चैंपियनशिप में किया भारत का प्रतिनिधित्व; परिजनों में खुशी का माहौल
