![]()
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत का गंभीर मामला सामने आया है। दोनों बच्चियों के परिजनों की शिकायत के आधार पर किहार पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विजय कुमार उर्फ विजु (28) निवासी गांव भिड़, डाकघर सिंगाधार, तहसील सलूणी के रूप में हुई है। पहली शिकायत में एक महिला ने आरोप लगाया कि 22 अगस्त को उसकी 11 वर्षीय बेटी, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ती है, स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। बच्ची किसी तरह आरोपी की पकड़ से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी बीच, दूसरी 11 वर्षीय बच्ची की मां ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी बेटी को रास्ते से जबरन झाड़ियों की ओर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। बच्ची ने साहस दिखाते हुए खुद को आरोपी की पकड़ से छुड़ाया और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर हिरासत में लिया दोनों छात्राओं की माताओं की शिकायतों के आधार पर किहार पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच सुरगाणी पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई वीरेंद्र कुमार को सौंपी गई है। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शिकायतों के आधार पर किहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link
चंबा में दो नाबालिग छात्राओं से अश्लील हरकत:मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
