![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी गांव में मंगलवार देर शाम जंगली हाथी के हमले में युवक गुड्डू गोप घायल हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घायल युवक के चाचा गोरा गोप ने बताया कि गुड्डू मंगलवार देर शाम शौच के लिए गांव के पास खेत की ओर गया था। शौच के बाद घर लौटते समय रास्ते में झाड़ियों में छिपे एक जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने गुड्डू को अपनी सूंड से पकड़ लिया और पैर से मारकर घायल कर दिया। इसके बाद हाथी युवक को छोड़कर झाड़ियों की ओर चला गया। हाथी के हटने के बाद घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभाला। इलाके में घूम रहे हैं तीन हाथी घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम चालगी गांव पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में फिलहाल तीन जंगली हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। हाथियों के गांव के आसपास लगातार आने से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि हाथी खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही से गांव के लोगों को खेतों और आसपास के इलाकों में जाने में भी खतरा बना हुआ है। वन विभाग ने अस्पताल पहुंचाया हाथी के हमले में घायल गुड्डू गोप को वन विभाग की टीम इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल लेकर गई। चिकित्सकों के अनुसार युवक को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव के आसपास हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और उन्हें आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर भगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते हाथियों को गांव से दूर नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Source link
चालगी गांव में जंगली हाथी ने युवक पर किया हमला:झाड़ियों से निकल सूंड से पकड़कर पटका, वन विभाग ने खदेड़ने का प्रयास किया
