![]()
बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक के काचरी गांव में चोरी की शिकायत वापस नहीं लेने पर चार परिवारों के सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप लगा है। सोमवार को पीड़ित परिवारों के सदस्य बेमेतरा पहुंचे और कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर बहिष्कार का फरमान रद्द कराने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं रमेश साहू, अर्जुन साहू, मनोज साहू और कलाराम वर्मा ने ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और कुछ ग्रामीणों पर बहिष्कार का आदेश जारी करने का आरोप लगाया है। 2025 में हुई थी चोरी, शिकायत वापस लेने का दबाव शिकायत के मुताबिक, 24 मई 2025 को रमेश साहू के घर चोरी हुई थी। मामले में साजा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि चोरी में एक व्यक्ति पर शक था, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कार्रवाई की मांग करने पर परिवारों पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। अगस्त की बैठकों में भी दबाव देने का आरोप आवेदन के अनुसार, 20 और 23 अगस्त 2026 को गांव में बैठकें हुईं। इन बैठकों में भी शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डाला गया। परिवारों ने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो उनके खिलाफ गांव से बहिष्कार का आदेश जारी किए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि ग्रामीणों को इन परिवारों से बात नहीं करने, उनके घर नहीं जाने, सामान नहीं बेचने और कोई काम नहीं करने के लिए कहा गया। आदेश का उल्लंघन करने वाले पर 10 हजार रुपए जुर्माना लगाने की बात कही गई। वहीं, बहिष्कार की सूचना देने वाले को 2,500 रुपए इनाम देने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है। 15 सदस्य प्रभावित होने का दावा शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, कथित बहिष्कार से चार परिवारों के कुल 15 सदस्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें कलाराम वर्मा के परिवार के 2, अर्जुन साहू के 2, रमेश साहू के 5 और मनोज साहू के 6 सदस्य शामिल हैं। ‘राशन-पानी के लिए दूर जाना पड़ रहा’ ग्राम काचरी की रेखा बाई साहू ने आरोप लगाया कि करीब एक महीने से गांव के लोग उनसे दूरी बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि राशन, पानी और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए उन्हें गांव से कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल पहले हुई चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होने के बाद विवाद बढ़ा और शिकायत वापस नहीं लेने पर बहिष्कार किया गया। कलाराम बोले- शिकायत करने की सलाह दी तो हमारा भी बहिष्कार वहीं, कलाराम वर्मा ने कहा कि रेखा बाई साहू के घर लाखों रुपए की चोरी हुई थी। उनका कहना है कि उन्होंने पीड़ित परिवार को कलेक्टर और एसपी से शिकायत करने की सलाह दी थी। इसके बाद गांव में उनका भी बहिष्कार कर दिया गया। इन लोगों पर लगाए गए आरोप शिकायतकर्ताओं ने ग्राम काचरी के पटेल गुलाब सिंह वर्मा, सरपंच महेश कुमार वर्मा, उपसरपंच दुर्गाराम साहू, राजकुमार वर्मा, सुदामा साहू, भागीरथी साहू सहित अन्य पंचों और ग्रामीणों पर कथित बहिष्कार से जुड़े होने का आरोप लगाया है। कलेक्टर ने SP और SDM को दिए जांच के निर्देश कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बताया कि ग्रामीण शिकायत लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पुराने चोरी के मामले में शिकायत की गई थी और इसके बाद गांव के कुछ लोगों द्वारा बहिष्कार का निर्देश जारी किए जाने की बात सामने आई है। कलेक्टर ने मामले में पुलिस अधीक्षक और SDM साजा को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Source link
चोरी की शिकायत वापस नहीं लेने पर 4 परिवार बहिष्कार:बेमेतरा कलेक्टर से शिकायत,बोले- गांव में बात-बंद,सामान लेने 4-10 किमी दूर जाना पड़ता है
