Headlines

छात्रवृत्ति भुगतान में देरी से नाराजगी, 21 को आक्रोश महारैली



भास्कर न्यूज |दुमका दुमका। एसपी महिला कॉलेज के छात्रावासों की समस्याओं और छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर छात्र-छात्राओं ने आंदोलन का एलान किया है। छात्र समन्वय समिति, दुमका के नेतृत्व में 21 सितंबर 2026 को जन आक्रोश महारैली निकाली जाएगी। छात्र-छात्राएं एसपी कॉलेज से पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय, दुमका तक जाएंगे। वहां उपायुक्त के माध्यम से कल्याण मंत्री और मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार को अपनी मांगें सौंपी जाएंगी। समिति के अनुसार कॉलेज में छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप नए छात्रावास भवन नहीं बने हैं। इससे मौजूदा छात्रावासों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। छात्रावासों की समस्याओं और छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर हाल ही में सभी संबंधित छात्रावासों के छात्र-छात्राओं की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन का निर्णय लिया गया। बैठक में छात्रावासों में रसोइया, रात्रि प्रहरी और सफाईकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग उठी। पुस्तकालय व अध्ययन सामग्री और किचन सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया। छात्र-छात्राओं ने जर्जर भवनों की तत्काल मरम्मत कराने, पेयजल, बिजली, शौचालय और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने तथा बढ़ती संख्या को देखते हुए नए छात्रावास भवन बनवाने की भी मांग की है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि सत्र 2026-27 की छात्रवृत्ति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। समिति ने कहा कि छात्रवृत्ति पर निर्भर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए समय पर राशि मिलना पढ़ाई जारी रखने के लिए बेहद जरूरी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *