Headlines

जंगली हाथी ने किसान को सूंड से उठाकर पटका:अमरवाड़ा में फसल बचाने के लिए भगा रहा था; 3 टीमें निगरानी में जुटीं




छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र में भटके जंगली हाथी ने एक किसान पर हमला कर दिया। घटना ग्राम चिखली चंदेरी की है, जहां फसल को नुकसान पहुंचा रहे हाथी को भगाने की कोशिश करना ग्रामीण को भारी पड़ गया। हाथी ने किसान को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग की मदद से घायल को तत्काल सिविल अस्पताल अमरवाड़ा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घायल की पहचान सुरेश पिता सुखदास (48) निवासी चिखली चंदेरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हाथी पिछले दो दिनों से सिवनी और चौरई क्षेत्र के जंगलों और खेतों में घूम रहा था। इसी दौरान वह अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र में पहुंच गया। फसल बचाने हाथी को भगाने की कोशिश, बिफरा
जानकारी के अनुसार, हाथी किसान की फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। सुरेश ने उसे भगाने का प्रयास किया, इसी दौरान हाथी बिफर गया और उसने किसान पर हमला कर दिया। हाथी ने सुरेश को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी अपने झुंड से बिछड़कर सिवनी की ओर से छिंदवाड़ा जिले में पहुंचा है। बताया गया है कि हाथी शहडोल से कान्हा के जंगलों की ओर गया था और इसके बाद रास्ता भटकते हुए सिवनी तथा चौरई के जंगलों से होते हुए अमरवाड़ा क्षेत्र में पहुंचा। 3 टीमें निगरानी में जुटीं, छिंदी-परासिया रेंज में अलर्ट
हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने तीन टीमें गठित की हैं। टीम लगातार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही है। छिंदी और परासिया रेंज में भी अलर्ट घोषित किया गया है। ग्रामीणों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। डीएफओ पूर्व वनमंडल स्वरूप दीक्षित ने ग्रामीणों से हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथी के नजदीक जाने या उसे भगाने की कोशिश न करें। खासकर शराब के नशे में हाथी के पास जाना जानलेवा हो सकता है। हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित स्थान पर रहें। डीएफओ स्वरूप दीक्षित ने कहा, “कान्हा से परिवार से बिछड़कर एक हाथी अमरवाड़ा के जंगलों में आ गया है। अलग-अलग टीमों का गठन कर गश्त की जा रही है और मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है। हाथी के हमले से घायल किसान का इलाज अस्पताल में जारी है।” फिलहाल हाथी जंगल क्षेत्र में है। वन विभाग की टीमें उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *