![]()
जशपुर में जनगणना कार्य में जुटे शिक्षक से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने करीब तीन महीने से फरार आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26), निवासी रामभाटा, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला 5 मई 2026 का है। ग्राम कुमकेला निवासी शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना (42) की ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में ग्राम सुरेशपुर में लगी थी। जनगणना कार्य के दौरान एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उन्हें फर्जी बताते हुए गाली-गलौज करने लगा। जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षक को रोका, गाली-गलौज की पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने शिक्षक के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। उसने शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के कारण शिक्षक का शासकीय जनगणना कार्य बाधित हुआ। गवाहों और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की पहचान शिकायत के बाद पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान शुभम कुजूर के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि घटना के दिन वह ग्राम सुरेशपुर में अपने रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इसी दौरान शिक्षक से उसका विवाद हुआ था। घटना के बाद रायगढ़ भाग गया था आरोपी पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद शुभम लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पत्थलगांव पुलिस और तकनीकी टीम रायगढ़ पहुंची। घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उसे पत्थलगांव लाया गया। मजिस्ट्रेट के सामने शिक्षक ने आरोपी की पहचान की पुलिस ने मामले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्यवाही कराई। इस दौरान प्रार्थी शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना ने शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल आरोपी के रूप में की। पुलिस के अनुसार, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है। SSP बोले- शासकीय कर्मचारियों से मारपीट पर होगी सख्त कार्रवाई एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है।
Source link
जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षक से मारपीट का आरोपी गिरफ्तार:आईडी कार्ड छीना, जान से मारने की धमकी दी,शिक्षक को फर्जी बताकर किया था विवाद
