![]()
बिलासपुर में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम मची हुई है। शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। वहीं, केंद्रीय जेल में कैदियों ने उत्साह के साथ भजन-कीर्तन मटकी फोड़कर जन्माष्टमी पर्व मनाया। केंद्रीय जेल में बंदियों के बीच विधायक अमर अग्रवाल ने आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने के लिए डंडा चलाया। वहीं, राजीव गांधी चौक के पास मटका बांधने के लिए गेट के ऊपर चढ़ा 22 वर्षीय युवक अचानक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई। युवक को नीचे उतारकर सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, शहर के प्रमुख श्याम खाटू मंदिर में भी भगवान कृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ पहुंच रही है। लोगों ने अपने घरों में बाल गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी के साथ भक्ति भाव से भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार कर पालना बनाया है। वहीं, मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और विशेष आरती कर पूजा-अर्चना की जा रही है। देखिए तस्वीरें… गोविंदा आला रे…से गूंजा परिसर बिलासपुर के केंद्रीय जेल में भी शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, झूले और आकर्षक धार्मिक सजावट की गई। भजन-कीर्तन के बीच पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में बंदियों ने उत्साह से हिस्सा लिया और मटकी फोड़कर जन्माष्टमी का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में शहर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और बंदियों के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता की। इसके बाद आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अमर अग्रवाल बोले- सत्य और सदाचार को जीवन में उतारें अमर अग्रवाल ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार का संदेश देता है। सकारात्मक सोच के साथ अच्छे आचरण को जीवन में अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन में बदलाव ला सकता है। आध्यात्मिक और सकारात्मक सोच विकसित करना उद्देश्य जेल प्रशासन के अनुसार, जन्माष्टमी आयोजन का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक और सकारात्मक भावनाओं का विकास करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर बंदियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे। यादव समाज ने भगवान कृष्ण की जीवंत झांकियों के साथ निकाली शोभायात्रा शहर में यादव समाज की ओर से भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित भव्य झांकियां निकाली गई, जिनमें श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा में शामिल जीवंत झांकियों और रथ यात्रा ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं, गली-मोहल्लों में ग्वालों की टोलियों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान माहौल पूरी तरह कृष्णमय रहा। श्याम खाटू में मंदिर में सुबह से लगी भक्तों की कतार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। खाटूश्यामजी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालु कतारों में पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय नजर आ रहा है। जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया है। सवा किलो चांदी के आभूषणों और सोने के मुकुट से भगवान को सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही है। वेंकटेश मंदिर में सजा पालना, विशेष पूजा-आराधना जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भोग की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में लगातार भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंज रहे हैं। भगवान के विशेष श्रृंगार में सवा किलो चांदी के आभूषण और सोने का मुकुट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। वहीं मंदिर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।
रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष आरती और पूजा-अर्चना की जाएगी। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन ने विशेष तैयारियां की हैं। आधी रात को भगवान के जन्म के साथ ही मंदिर में जयकारों और भक्ति का माहौल और भी खास होने की उम्मीद है।फिलहाल खाटूश्यामजी मंदिर में भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। जन्माष्टमी के इस खास मौके पर मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। यादव समाज ने मनाया कृष्ण जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जिला यादव समाज द्वारा आराध्य देव का पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। यादव भवन इमलीपारा बिलासपुर में समाज प्रमुखों की उपस्थिति में भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव पूजा अर्चना, कीर्तन और उपस्थित समाज विंद को प्रसाद वितरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व महापौर रामशरण यादव और पूर्व अध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग छत्तीसगढ़ शासन डा सोमनाथ यादव ने कहा कि श्री कृष्ण का लौकिक जीवन इसलिए कालजयी है, क्योंकि यह हमें केवल यह नहीं बताता कि ईश्वर कैसा हो सकता है बल्कि यह भी सिखाता है कि मनुष्य भीतर से कितना मनुष्य बनने की क्षमता रखता है। गीता में श्री कृष्ण अर्जुन को सुख दुख, लाभ हानि और जय पराजय में संतुलित रहने की बात करते हैं, और श्री कृष्ण ने स्वयं अपने जीवन में इसे उतारा भी। हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आया युवक वहीं, बिलासपुर के राजीव गांधी चौक के पास मटका बांधने के लिए गेट के ऊपर चढ़ा रेहान खान (22) अचानक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया। युवक का सिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Source link
जन्माष्टमी की तैयारी करते समय करंट लगने से झुलसा युवक:बिलासपुर केंद्रीय-जेल में बंदियों ने फोड़ी मटकी, आंख में पट्टी बांध MLA-अग्रवाल ने चलाया डंडा
