![]()
जमुई के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के सगमा गांव स्थित खरबाना आहर में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी चनेश्वर यादव के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुड्डू कुमार गुरुवार को अपने साथियों के साथ खरबाना आहर के पास खेलने गया था। उसके साथी मवेशी चरा रहे थे, जबकि गुड्डू आहर के किनारे खेल रहा था। कुछ समय बाद उसके सभी साथी घर लौट आए, लेकिन गुड्डू वहीं रह गया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। तलाश के दौरान गुड्डू का शव आहर के पानी में मिला। स्थानीय लोगों की सहायता से बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना तुरंत चंद्रदीप थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके उपरांत पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
Source link
जमुई में आहर में डूबने से बच्चे की मौत:खेलने के दौरान हादसा, घर न लौटने पर परिजनों ने छानबीन शुरू की
