Headlines

जालंधर में 72 लाख लूट मामला:3 आरोपी गिरफ्तार, पूर्व महिला कर्मचारी और ड्राइवर निकले मास्टरमाइंड




जालंधर में सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात करीब 7:50 बजे कार सवार पांच लुटेरों ने 60 वर्षीय लोहा व्यापारी ललित मित्तल पर जानलेवा हमला कर 72 लाख रुपये कैश से भरा बैग लूट लिया। व्यापारी अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में मामले का ट्रेस कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लोहा व्यापारी और सीजेएस स्कूल के मालिक ललित मित्तल सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। उन्होंने बताया कि वह रोजाना की तरह अपने टांडा रोड स्थित दफ्तर से करीब पौने घंटे की देरी से निकले थे। अपने घर सूर्या एनक्लेव जाने के लिए वह किशनपुरा में दुग्गल बेकरी के रास्ते सीधे 120 फुटी रोड पर आ गए।
पिछे से आ रही कार ने की ओवरटेक रास्ते में ही उन्हें एहसास हो गया था कि एक सफेद रंग की संदिग्ध कार काफी देर से उनका पीछा कर रही है। 120 फुटी रोड पर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह बंद थीं। व्यापारी ने अनहोनी की आशंका के चलते अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन पीछे आ रही कार ने अचानक उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके आगे लगा दिया। बदमाशों ने व्यापारी को कार रोकने का इशारा किया। ललित मित्तल ने समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को बैक करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों ने अपनी कार से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें थोड़ी दूरी पर घेर लिया। इसके बाद कार सवार हमलावरों ने लोहे की रॉड से व्यापारी की कार के शीशे तोड़ दिए और उनके माथे पर जोरदार वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची हमला करने के बाद लुटेरे गाड़ी में रखा 72 लाख रुपये कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी साजिश के पीछे एक लड़की और व्यापारी का ड्राइवर शनी शामिल थे। व्यापारी ने कुछ महीने पहले ही उस लड़की को अपनी दुकान पर काम पर रखा था। उसी ने पूर्व ड्राइवर के साथ मिलकर व्यापारी के कैश ले जाने के समय की पूरी रेकी की और वारदात का ताना-बाना बुना। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हिमाचल प्रदेश की तरफ भाग निकले थे। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे नेटवर्क और बरामदगी का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *