![]()
जींद में जिला प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने कर्मचारियों से तत्काल काम पर लौटने की अपील की है। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगें सरकार द्वारा स्वीकार कर ली गई हैं। हालांकि, नियमितीकरण से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने जनहित को देखते हुए कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर ड्यूटी पर लौटने का आग्रह किया। सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी डॉ. शर्मा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था सीधे आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। डीसी ने चेतावनी दी कि जो कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की जा सकती है। ‘कूड़ा उठाने से रोकने पर होगी कार्रवाई’ इससे पहले, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के संबंधित डीसी के साथ बैठक की। उन्होंने सफाई व्यवस्था की समीक्षा की और शहरी क्षेत्रों में सफाई तथा डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था हर हाल में सुचारू रखने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन पुलिस के सहयोग से शहरी क्षेत्र में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का कार्य लगातार जारी रखेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोकता है, सफाई कार्य में बाधा डालता है या वाहनों की हवा निकालकर काम प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। काम में बाधा डालने वालों को नोटिस, नौकरी से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई डीसी ने जिला नगर आयुक्त अनिल दून को निर्देश दिए कि एजेंसी के माध्यम से शहर में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम निर्बाध रूप से जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि काम में बाधा डालने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं और इसकी रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाए। नियमों के तहत सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। डीसी ने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और जनहित को देखते हुए अपनी ड्यूटी पर वापस लौटें। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। शहरवासियों से भी सहयोग की अपील डीसी ने शहरवासियों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाला कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा जहां भी कूड़ा जमा होने की शिकायत मिले, वहां तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला नगर आयुक्त अनिल दून, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
जींद में सफाई रोकने वालों पर FIR होगी:कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील, डीसी बोलीं- नहीं तो कार्रवाई
