Headlines

टीकमगढ़ की गौशाला में तीन गायों की मौत:ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाया, अधिकारी बोले जांच होगी




टीकमगढ़ जिले के पलेरा विकासखंड की ग्राम पंचायत जरूआ स्थित राधारानी गौशाला में गौवंश की दुर्दशा सामने आई है। शनिवार शाम गौशाला पहुंचे ग्रामीणों को तीन गायें मृत अवस्था में मिलीं। इसके अलावा, कई अन्य गोवंश गंभीर रूप से बीमार पाए गए। पूरी गौशाला दलदल में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गौशाला में गायों के लिए खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि शासन से अनुदान मिलने के बावजूद गौवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी, उपचार और रखरखाव की व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गौशाला परिसर में गंदगी का अंबार है और लंबे समय से साफ-सफाई न होने के कारण अस्वच्छ वातावरण बना हुआ है। उन्होंने मृत गौवंश की मौत के कारणों की जांच और आवश्यकतानुसार पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि यदि गौशाला को नियमित अनुदान मिल रहा है, तो गौवंश के चारा-पानी, उपचार, साफ-सफाई और उचित रखरखाव की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं और अनुदान के उपयोग की भी जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में जनपद सीईओ पलेरा अरविंद कुमार बोरकर ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है, तो गौशाला संचालक को व्यवस्थाएं देखनी चाहिए। सीईओ ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *