Headlines

टोंक में 4 इंच बारिश, मकान-दुकानों में घुसा पानी:एक घंटे तक हुई बरसात से निचली बस्तियों में जलभराव, सड़कें तालाब बनी




लंबे समय से झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे टोंक शहर सहित जिले के कई हिस्सों के लोगों को मंगलवार को राहत मिली। शहर में एक घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश से मौसम सुहावना हो गया। शाम 5 बजे तक अकेले टोंक शहर में 104 मिमी(4 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो इस मानसून की अब तक की सबसे तेज बारिश रही। हालांकि, तेज बारिश के साथ ही शहर की ड्रेनेज व्यवस्था बिगड़ गई। कई प्रमुख सड़कें दरिया जैसी नजर आईं और करीब एक फुट तक पानी भर गया। शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर सहित कई हिस्सों में पानी भरा
बारिश के कारण कलेक्ट्रेट परिसर, मोहल्ला गोल, पुरानी टोंक, पांच बत्ती, नौशे मियां का पुल, गाड़ियों का अड्डा, काली पलटन, मोहम्मद खां का पुल, चतरा खटीक नाला, कचहरी दरवाजा, गुलजार बाग, तालकटोरा और रजबन सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। मुख्य बाजार की कई दुकानों में भी पानी घुस गया। वहीं, इस बारिश से किसानों और आमजन को राहत मिली। उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ ही खेतों में खड़ी फसलों को भी संजीवनी मिली है। जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार को टोंक जिले में सबसे अधिक बारिश टोंक शहर में 104 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा मालपुरा में 88 मिमी, टोरडी सागर में 85 मिमी, ठिकरिया में 25 मिमी, गलवानिया में 15 मिमी, लांबाहरिसिंह में 10 मिमी, टोडारायसिंह में 10 मिमी और पीपलू और नासिरदा में 2-2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे तक जिले में इस मानसून सत्र के दौरान कुल 158 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी थी। दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बाद यह आंकड़ा और बढ़ गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *