![]()
फतेहाबाद के टोहाना में कैंची रोड पर शुक्रवार को एक सेनेटरी शॉप में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखे प्लास्टिक के पाइपों समेत लाखों का सामान जल गया। दुकानदार नितेश कुमार ने बताया कि उन्हें शुरुआती तौर पर करीब 2 से 2.5 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। दुकान के ऊपर बैठा था दुकानदार नितेश कुमार दुकान के ऊपर में काउंटर पर बैठे थे। उन्हें नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया। पहले उन्हें लगा कि धुआं कहीं और से आ रहा है, लेकिन जब उन्होंने नीचे जाकर देखा तो दुकान के अंदर आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को खबर दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारी ने बताया कि उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। वहां पहुंचने पर पता चला कि पाइपों के नीचे बने बेसमेंट और गोदाम में आग लगी थी। रास्ता कम होने के कारण बेसमेंट में काफी धुआं भर गया था, जिससे आग बुझाने में कर्मचारियों को परेशानी हुई। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, करीब 15 से 20 मिनट की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, बेसमेंट में ज्यादा धुआं होने के कारण पूरी जानकारी लेना बाकी था। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण करने के बाद ही आग से हुए सही नुकसान का पता चल पाएगा। फिलहाल आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा।
Source link
टोहाना में सेनेटरी शॉप में लगी आग:प्लास्टिक के पाइप समेत कीमती सामान जला, अचानक उठा धुआं, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
