Headlines

डिप्टी सीएम ने हरोली में विकास परियोजनाओं का लिया जायजा:बस डिपो की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें; हेलीपोर्ट प्रोजेक्ट की समीक्षा की




हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री गवर्नमेंट कॉलेज में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल, प्रस्तावित ई-बस डिपो, ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) और रोड़ा में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट प्रोजेक्ट का जायजा लिया। हरोली कॉलेज के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 60 बिस्तरों वाला गर्ल्स हॉस्टल बनाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस हॉस्टल के निर्माण से विशेष रूप से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। डिप्टी सीएम ने हरोली बस स्टैंड का भी दौरा कर इलेक्ट्रिक बसों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रस्तावित बस डिपो की स्थापना संबंधी तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। हरोली में डिपो स्थापित होने के बाद यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला और एम्स बिलासपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने रोड़ा में लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली। यह स्टेशन वाहनों की स्वचालित जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से एक हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को इस निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उपमुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि रोड़ा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा, हरोली मेला ग्राउंड के विकास के लिए भी 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हरोली में कई प्रोजेक्टों पर चल रहा काम अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में शिक्षा, खेल, परिवहन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही हरोली के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *