![]()
धौलपुर की ग्राम पंचायत दिहौली क्षेत्र के गांव शेखपुर गुजरान में लगातार हुई तेज बारिश के बाद मुख्य तालाब ओवरफ्लो हो गई। इसका पानी गांव के मुख्य रास्ते पर फैल गया, जिससे मार्ग पर करीब 2 से 3 फीट तक जलभराव हो गया है। इस जलभराव के कारण ग्रामीणों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पानी का बहाव इतना अधिक है कि कई जगह घरों के मुहाने तक पानी पहुंच गया है। रास्ते पर जलभराव के चलते वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो गया है। राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग मड़िया का पुरा को राजाखेड़ा रोड से जोड़ता है और इस पर दिनभर लोगों का आवागमन रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की समय पर सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। जलभराव के कारण गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक एवं मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और जिला प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ तालाब की सफाई एवं रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो हर बारिश में गांववासियों को इसी परेशानी से गुजरना पड़ेगा।
Source link
तालाब ओवरफ्लो, रास्ते पर 3 फीट तक पानी:शेखपुर गुजरान के ग्रामीणों ने की स्थायी जल निकासी की मांग
