![]()
करनाल के कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव रिण्डल में कल रात 30 वर्षीय विवाहिता सपना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल करनाल की मोर्चरी में रखवाया। मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कुंजपुरा थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। 2016 में हुई थी सपना की शादी
पुलिस को दिए बयान में जिला यमुनानगर के चौराही गांव निवासी दयालो देवी पत्नी राजकुमार ने बताया कि वह गृहिणी हैं। उनके तीन बच्चे हैं। उन्होंने अपनी बेटी सपना की शादी वर्ष 2016 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार रोहतास पुत्र प्रीतम सिंह निवासी रिण्डल के साथ की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था।
शादी के बाद सपना के तीन बच्चे हुए। जिनमें बड़े बच्चे की उम्र 8 साल और सबसे छोटे की 4 साल है। सपना और उसका पति रोहतास अपने सास-ससुर के साथ रहते थे। वहीं सपना का जेठ बलिन्दर अपने परिवार के साथ अलग रहता था। दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप
दयालो देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सपना की सास, ससुर, पति रोहतास, जेठ और जेठानी सपना को अधिक दहेज लाने के लिए परेशान करते और उसके साथ मारपीट करते थे। बेटी जब भी मायके आती तो ससुराल में उसके साथ होने वाले कथित अत्याचार के बारे में बताती थी। मां के अनुसार सपना ने शादी के करीब दो साल बाद थाना कुंजपुरा में शिकायत दी थी। इसके बाद करीब ढाई साल पहले थाना बिलासपुर और करीब सात साल पहले महिला थाना यमुनानगर में भी शिकायत दी गई थी।
परिवार के मुताबिक करीब हर छह महीने में पंचायतें होती थीं। दयालो देवी और उनके पति राजकुमार सपना को समझाकर वापस उसकी ससुराल रिण्डल भेज देते थे। दयालो देवी ने यह भी बताया कि लगातार पंचायतों के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग किए जाने की बात सपना बताती थी। सपना ने अपने पति रोहतास के अपनी भाभी सविता के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात भी मां को बताई थी।
रात को फोन कर बुलाया
दयालो देवी के बयान के अनुसार कल रात करीब 10:30 बजे उनके दामाद रोहतास ने उनके मोबाइल पर फोन किया। उसने बताया कि सपना की तबीयत ज्यादा खराब है और उन्हें जल्दी रिण्डल पहुंचने के लिए कहा। सूचना मिलते ही दयालो देवी अपने पति राजकुमार और बेटे निर्मल सिंह के साथ गांव रिण्डल पहुंचीं। वहां सपना का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। दयालो देवी ने आशंका जताई कि सपना को कोई जहरीली चीज दी गई हो सकती है या दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण प्रताड़ना से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन समाप्त किया हो। उन्होंने सास बाली देवी, ससुर प्रीतम सिंह, पति रोहतास, जेठ बलिन्दर और जेठानी सविता देवी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव में पहुंची और सपना का शव बरामदे के अंदर पड़ा मिला। मौके पर जरूरी कार्रवाई के बाद सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को सरकारी अस्पताल करनाल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहां मृतका की मां दयालो देवी मौजूद मिलीं और उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत:मां का आरोप जहरीला पदार्थ देकर मारा बेटी को, 2016 में हुई थी शादी, 3 बच्चों की थी मां
