Headlines

दिल्ली कांवड़ियों के स्वागत के लिए तैयार:शिविरों में 24 घंटे मिलेंगी सभी सुविधाएं, तैयारियों को लेकर सीएम ने लिया जायजा




सावन माह में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचने वाले शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत और उनकी सुविधाओं के लिए दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में आने वाला प्रत्येक शिवभक्त स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और अपनत्व से घिरा हुआ महसूस करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियों में सेवा भाव और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री और कांवड़ समिति के अध्यक्ष कपिल मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर होगा भव्य स्वागत
सरकार कांवड़ियों के स्वागत के लिए दिल्ली के प्रमुख प्रवेश मार्गों और कांवड़ मार्गों पर स्वागत द्वार बनाएगी। शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत करेंगी।
कांवड़ समितियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
कांवड़ समितियों को अनुमति और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की गई है। इससे समितियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविरों में 24 घंटे रहेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कांवड़ शिविरों में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविरों में पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे, जिनकी नियमित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की होगी। इसके अलावा, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती की जाएगी, ताकि दिन-रात चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रह सकें। स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि यह यात्रा श्रद्धा, सेवा और सुचारु व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *