![]()
दिल्ली के उप राज्यपाल सरदार टी.एस. संधू ने दिल्ली के राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों (वीसी), निदेशकों और कुलसचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार को आपस में जोड़ना रहा। इसमें आईजीडीटीयूडब्ल्यू, डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी, ट्रिपल आईटी, डीपीएसआरयू, डीटीयू, डीएसईयू, एनएसयूटी और जीजीएसआईपीयू समेत प्रमुख संस्थानों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक में उपराज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा और अन्य उभरती तकनीकों में छात्रों का कौशल विकसित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ ग्लोबल टाई-अप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल डिग्रीधारक नहीं, बल्कि रोजगार के लिए तैयार बनाना जरूरी है। दिल्ली की समस्याओं पर केंद्रित हो रिसर्च उपराज्यपाल ने अकादमिक अनुसंधान को केवल सैद्धांतिक अध्ययन तक सीमित रखने के बजाय दिल्ली की विशिष्ट चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं पर केंद्रित करने को कहा। इससे शोध के जरिए राजधानी की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित किए जा सकेंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसरों में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। प्लेसमेंट और रैंकिंग सुधारने के निर्देश एलजी ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की छवि उसके प्लेसमेंट रिकॉर्ड से बनती है। इसलिए हर बैच के लिए बेहतर प्लेसमेंट परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही एनएएसी और एनआईआरएफ रैंकिंग में गिरावट वाले संस्थानों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। कुलपतियों को छात्रों के लिए सुलभ रहने, मेंटरशिप और शिकायत निवारण व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। इसके अलावा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों पर समयबद्ध भर्ती पूरी करने और बुनियादी ढांचे में सुधार पर भी जोर दिया गया।
Source link
दिल्ली के विश्वविद्यालयों में ग्लोबल टाई-अप पर जोर:एलजी टीएस संधू ने वीसी, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, प्लेसमेंट, रिसर्च सुधारने के निर्देश
