![]()
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के झाबुआ जिले की सीमा में पिछले 15 दिनों के भीतर पत्थरबाजी की दो घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए झाबुआ एसपी देवेंद्र पाटीदार ने 24 घंटे के अंदर दो बार एक्सप्रेसवे का दौरा किया। रविवार रात उन्होंने टिमरवानी टोल नाके का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था देखी। सोमवार को झाबुआ एसपी ने रतलाम एसपी अमित कुमार के साथ मिलकर रणनीति बनाई। इस दौरान दोनों एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे से लगे थानों और चौकियों के मुखबिरों को सक्रिय किया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों को तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही, संवेदनशील जगहों पर पुलिस की ड्रोन से निगरानी और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। सोमवार को झाबुआ एसपी और रतलाम एसपी ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ 8-लेन एक्सप्रेसवे पर पहुंचकर रणनीति बनाई। दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों ने एक्सप्रेसवे के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करने तथा आपराधिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए आपसी तालमेल से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों से सीधा संवाद किया सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस ने लोगों और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। एसपी ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति पत्थरबाजी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि करते दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी और जानकारी पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। थाना थांदला पुलिस ने हाल ही में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं के संबंध में दो मामले दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि इन मामलों में शामिल आरोपियों को जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 15 दिन में दो बार पत्थरबाजी:झाबुआ एसपी ने संभाला मोर्चा, रतलाम पुलिस के साथ बनाई संयुक्त रणनीति
