Headlines

दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल जीएसटी की कार्रवाई:तीन गाड़ियों में कुम्हारी के गोदाम में पहुंची 12 सदस्यी टीम, दो मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त




छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने रेड मारी है। कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा बनाने वाले एक ठिकाने पर कार्रवाई की। करीब 10 से 12 सदस्यों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अधिकारियों ने गोदाम के भीतर रखे सामान और गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनों को जब्त किया। इसके अलावा मौके से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और उस पर लगने वाले टैक्स से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है। देखिए जीएसटी की कार्रवाई से जुड़ी तस्वीरें… गोदाम मालिक सुरेश गुप्ता बताया जा रहा
मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। सेंट्रल जीएसटी की टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की भी जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम
जांच और जब्ती की कार्रवाई के बाद सेंट्रल जीएसटी की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा जब्त सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई अभी जारी है। जीएसटी अधिकारियों द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इसके अलावा गोदाम में रखे अन्य सामान और कारोबारी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *