Headlines

धनबाद के जंगल की खदान में मिला महिला का कंकाल:साड़ी से खुला राज; दो महीने पुराना होने का अनुमान, अब तक नहीं हो सकी पहचान




धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के बाघमारा पंचायत के हरिहरिटांड़-टेका खुटु जंगल में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खदान में महिला का कंकाल मिला। जंगल में कंकाल मिलने की खबर देखते ही देखते आसपास के इलाके में फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बलियापुर थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खदान के अंदर जाकर जांच की और कंकाल को बाहर निकलवाया। मौके पर कंकाल के साथ एक साड़ी भी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने प्रथमदृष्टया कंकाल के महिला का होने की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि महिला कौन थी और वह यहां कैसे पहुंची। कंकाल मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। करीब दो महीने पुराना हो सकता है कंकाल पुलिस के अनुसार पहली नजर में कंकाल 60 साल से अधिक उम्र की महिला का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि कंकाल करीब दो महीने पुराना हो सकता है। हालांकि, उम्र और मौत के समय को लेकर अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी। कंकाल के साथ मिली साड़ी इस मामले में फिलहाल सबसे अहम सुराग मानी जा रही है। पुलिस इसी आधार पर महिला की पहचान तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। कंकाल की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के गांवों और इलाके में महिलाओं के लापता होने से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि पिछले कुछ समय में आसपास के किसी गांव या दूसरे क्षेत्र से कोई बुजुर्ग महिला लापता तो नहीं हुई थी। वहीं, कंकाल मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जरूरत पड़ी तो रिम्स भेजा जाएगा कंकाल पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही महिला की मौत की वजह और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकेंगी। अगर धनबाद में कंकाल का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया, तो इसे जांच के लिए रांची रिम्स भेजा जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *