![]()
धनबाद के धनसार थाना से सिर्फ 50 मीटर दूर विश्वकर्मा फर्नीचर दुकान में सोमवार देर रात चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के साथ ही करकट की छत भी तोड़ दी। दुकान में आग लगाने की बात भी सामने आई है। दुकान मालिक के अनुसार, इस घटना में लगभग 22 हजार रुपए नकद और मशीनों समेत करीब दो लाख रुपए का सामान चोरी हुआ है। दुकान मालिक राम बाबू शर्मा ने बताया कि उन्हें रात में दुकान से धुआं निकलने की जानकारी मिली थी। जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि दुकान की करकट की छत टूटी हुई थी और अंदर आग लगी थी। आग बुझाने के बाद दुकान चेक की गई तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान में रखे 22 हजार रुपए नकद और लगभग दो लाख रुपए की मशीनें व अन्य सामान लेकर भाग गए। आग से कुछ मशीनें खराब भी हो गईं। इस चोरी की जानकारी सुबह धनसार पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करना शुरू कर दिया है। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी के तरीके की जांच कर रही है। थाना के ठीक बगल में हुई इस चोरी की घटना से आसपास के दुकानदारों को भी चिंता है। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस स्टेशन से इतनी कम दूरी पर चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
Source link
धनसार में फर्नीचर दुकान से लाखों की चोरी:चोर छत तोड़ घुसे दुकान में, थाना से 50 मीटर दूर हुई वारदात; 22 हजार नकद और मशीनें ले गए
