![]()
मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुकमा जिले में नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवारों के दुख-दर्द को साझा करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान एक नक्सल पीड़ित परिवार के बेटे को शिक्षा और रोजगार के लिए 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। जगरगुंडा थाना क्षेत्र के बेनपल्ली पटेलपारा निवासी मुचाकी रामा की 5 मई 2025 को नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्या कर दी थी। उनके परिवार में पत्नी आयाती, बेटा किशोर (18), बेटी संजना (15) और मां मुचाकी हुंगी (70) हैं। परिवार वर्तमान में कृषि कार्य से अपना जीवन चला रहा है। डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने परिवार से मुलाकात कर किशोर की आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपए की मदद दी। वुडन काम की ट्रेनिंग का पूरा खर्च उठाएगा मातंगी धाम किशोर को रोजगार से जोड़ने के लिए उसे वुडन कार्य का प्रशिक्षण दिलाने का भी निर्णय लिया गया है। प्रशिक्षण से संबंधित पूरा खर्च मातंगी धाम की ओर से उठाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य किशोर को हुनरमंद बनाकर परिवार का सहारा बनने और भविष्य में आत्मनिर्भर होने में मदद करना है। पैर गंवाने वाली सुक्की को ₹51 हजार की मदद चिंतलनार थाना क्षेत्र के भीमापुरम निवासी 14 वर्षीय मड़कम सुक्की नक्सलियों द्वारा पहले लगाए गए IED की चपेट में आकर एक पैर से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका परिवार कृषि कार्य कर जीवन-यापन करता है। सुक्की की स्थिति को देखते हुए मातंगी धाम की ओर से घर की मरम्मत के लिए परिवार को 51 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी गई। नौकरी मिलने तक हर महीने ₹31 हजार देने का ऐलान डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुक्की के भविष्य के लिए भी मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सुक्की के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आवश्यक सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, जब तक सुक्की को नौकरी नहीं मिलती, तब तक एक साल तक हर महीने 31 हजार रुपए की सहयोग राशि मातंगी धाम की ओर से देने का आश्वासन दिया गया है। यह राशि उसके इलाज, दैनिक जरूरतों और परिवार की मदद के लिए दी जाएगी। सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने कहा कि, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को केवल तत्काल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने, रोजगार से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से मातंगी धाम की ओर से प्रभावित परिवारों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
Source link
नक्सल पीड़ित-परिवारों के लिए आगे आए प्रेम साई गुरुजी:पीड़ित के बेटे को 51 हजार की मदद, नौकरी मिलने तक हर महीने 31 हजार देंगे
