![]()
अंबाला के नग्गल थाना प्रभारी SHO सुरेश कुमार पर हमला करने के मामले में CIA-1 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान छज्जूमाजरा निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार को साहा के पास से पकड़ा था। वह यमुनानगर भागने की फिराक में था। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। सीआईए-1 प्रभारी परमिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी साहा की तरफ से जाने वाला है। टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दिन में ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के समय वह नशे में था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को पेशेवर अपराधी नहीं बताया है। हालांकि, पुलिस रिमांड के दौरान उससे हमले में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। युवक को बचाने पहुंचे थे थाना प्रभारी, हमलावरों ने उन्हें ही घेर लिया घटना 3 अक्टूबर की रात गांव मटहेड़ी में मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास हुई थी। थाना प्रभारी सुरेश कुमार अपनी निजी कार से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को एक युवक के साथ मारपीट करते देखा। वह युवक को बचाने के लिए कार से उतरकर बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू और ईंट-पत्थरों से वार किए। हमले में SHO की गर्दन, हाथ और सिर पर चोटें आईं। उन्हें अंबाला शहर के सिविल अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। 5 मिनट के वीडियो में कैद हुई थी वारदात घटना के करीब 6 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV फुटेज में मारपीट की पूरी घटना सामने आई थी। करीब 5 मिनट 2 सेकंड के वीडियो में युवक के साथ मारपीट और बीच-बचाव करने पहुंचे थाना प्रभारी पर हमले के दृश्य दिखाई दिए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। अब निखिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। सदर थाना प्रभारी शंभू लाल के अनुसार, अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं।
Source link
नग्गल थाना प्रभारी पर हमले का एक आरोपी गिरफ्तार:यमुनानगर भागने की फिराक में था; पूछताछ में बोला- वारदात के समय नशे में था
