Headlines

नशे का विरोध करना पंचायत प्रधान को पड़ा भारी:कांगड़ा में हमला, ग्रामीणों का थाने के बाहर प्रदर्शन; 3 आरोपी गिरफ्तार




कांगड़ा से सटी हलेड़कलां पंचायत के प्रधान अरुण कुमार खुन्नू पर नशा माफिया ने हमला किया है। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई, जिसके विरोध में शनिवार को लगभग एक दर्जन पंचायत प्रधानों और ग्रामीणों ने जिला पार्षद इशान्त चौधरी के नेतृत्व में पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा की मांग की। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शुक्रवार को ही कांगड़ा में उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने नशा निवारण पर एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों को नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रेरित किया गया था। पीड़ित प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि पंचायत में चिट्टा तस्कर बृजेश कुमार उर्फ मामू ने आतंक मचा रखा है। उनके अनुसार, नशे से जुड़े लगभग नौ मामलों में उनकी गवाही पुलिस के पास दर्ज है। शुक्रवार शाम को जब वे पार्क में व्यायाम करने जा रहे थे, तो उन्होंने बृजेश को जल शक्ति विभाग विश्राम गृह के पास एक मकान के साथ पार्क में चार-पांच लड़कों के साथ बैठे देखा। प्रधान का आरोप है कि वे कथित तौर पर नशे का कारोबार कर रहे थे। प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि पार्क में महिलाएं और बच्चे खेलते हैं, इसलिए उन्होंने इसका विरोध किया। विरोध करने पर बृजेश उनसे उलझ पड़ा और मारपीट करने लगा। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर बृजेश अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। थोड़ी देर बाद, एक ऑल्टो कार में तीन युवक आए और अरुण के साथ फिर से मारपीट की। पीड़ित प्रधान ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि नशा माफिया पर पुलिस की कार्रवाई न होना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। उन्होंने बृजेश मामू से अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए उसे शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष और जिला पार्षद इशान्त चौधरी ने कहा कि यदि पंचायत प्रधान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन का क्या हाल होगा। हालेड़ खुर्द पंचायत प्रधान धीरज शर्मा, नंदरुल पंचायत प्रधान संजीव चौधरी और समीरपुर प्रधान रीटा मनकोटिया ने भी पंचायत प्रधान पर हुए हमले की निंदा की। एसएचओ आदर्श कुमार ने बताया कि प्रधान अरुण की शिकायत पर पुलिस ने शिव कुमार (निवासी घरोह), दीपक कुमार (निवासी घरोह) और आशा सिंह (पुत्र संतोख सिंह, निवासी सुजानपुर, जिला पठानकोट, पंजाब, उम्र 58 साल) को बहसबाजी और लड़ाई-झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *