नारनौल में लोगों का सिटी थाने में हंगामा:पुलिसकर्मी पर चिट्टा बेचने का आरोप, मेडिकल कराने की मांग; 17 सितंबर को CM से मिलने की बात




हरियाणा के नारनौल शहर के बड़ा बाग मोहल्ले के लोगों ने सोमवार रात करीब 8 बजे सिटी थाना पहुंचकर हंगामा किया। लोगों ने एक पुलिसकर्मी पर मोहल्ले में एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चिट्टा बेचने और नशा करने का गंभीर आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी लंबे समय से मोहल्ले में नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है और उसके कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिसकर्मी बेचता नशा मोहल्ला निवासी रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि संजय नाम का एक पुलिसकर्मी सुबह करीब 7:30 बजे क्षेत्र में आता है। आरोप है कि वह अनिल कुमार नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर चिट्टा बेचता है और सड़क पर बैठकर नशा करता है। इससे मोहल्ले के लोगों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रमेश कुमार ने पुलिस प्रशासन से संबंधित पुलिसकर्मी और दूसरे व्यक्ति का मेडिकल कराने की मांग की। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप मौके पर मौजूद राजेंद्र सिंह यादव ने आरोप लगाया कि संजय पुलिसकर्मी पिछले करीब पांच साल से क्षेत्र में बच्चों को चिट्टा उपलब्ध कराने और बिकवाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उनसे ही पूछताछ शुरू कर दी कि आरोपी को चिट्टे के साथ पकड़ा गया है या नहीं। लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी नशे की हालत में था तो उसका मेडिकल कराया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि पुलिस अपने साथी पुलिसकर्मी को बचाने का प्रयास कर रही है। सीएम से मिलने की बात कही मोहल्ले के लोगों ने कहा कि बड़ा बाग क्षेत्र में नशे के कारण बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो 17 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नारनौल आगमन के दौरान उनसे मिलकर मामले की शिकायत करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *