![]()
हरियाणा के नारनौल में नेशनल हाईवे-11 पर शुक्रवार सुबह सुराना गांव के कट के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद एक ट्रेलर का डीजल टैंक फटने से उसमें आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी की ओर से नारनौल आ रहा एक ट्रेलर सुराना गांव के कट स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से नारनौल से रेवाड़ी की ओर जा रहे रोडियो (वाहन) से भरे ट्रेलर से टकरा गया। दमकल पहुंची मौके पर हादसे के तुरंत बाद रोडियो से भरे ट्रेलर का डीजल टैंक फट गया और उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायलों को निकाला बाहर टक्कर के कारण दोनों ट्रेलरों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक व परिचालक अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। अभी नहीं हुई पहचान फिलहाल तीनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक और परिचालक मेवात क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source link
नारनौल में हाईवे पर दो ट्रेलरों की टक्कर:एक में लगी आग, दमकल ने पाया काबू, तीन लोग गंभीर रूप से घायल, PGI रेफर
