![]()
नालंदा में 1000 रुपए की बकाया राशि के लिए भट्ठा ठेकेदार ने मजदूर दंपति को पांच दिन तक बंधक बनाकर उनकी पिटाई की। इस दौरान मजदूर की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को नमक छिड़ककर दफना दिया। जिससे शव जल्दी गल जाए। पत्नी जान बचाकर किसी तरह घर पहुंची। तब उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। क्या है पूरा मामला यह वारदात नूरसराय थाना क्षेत्र के पपरनौसा गांव की है। मृतक की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के नीलकंठ बिगहा गांव निवासी रजन मांझी के 46 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र मांझी के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी नौलेजा देवी ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व पपरनौसा निवासी ईंट भट्ठा ठेकेदार मुकेश यादव ने सुरेंद्र को 60,000 रुपये एडवांस दिए थे और उन्हें मजदूरी के लिए यूपी के एक ईंट भट्ठे पर भेजा था। 1 हजार के बकाए को 7 लाख बताकर कर रहा था प्रताड़ित नौलेजा देवी ने बताया कि हमने यूपी में एक साल तक लगातार काम किया और 60 हजार में से 59 हजार रुपये चुका दिए थे। सिर्फ 1,000 रुपये की बकाया रह गई थी। हम जब घर वापस आए तो ठेकेदार उस 1,000 रुपये का सूद बढ़ाकर 7 लाख रुपये मांगने लगा। जब हमने असमर्थता जताई, तो उसने हमें तंग करना शुरू कर दिया। गणेश चतुर्थी के दिन किया अगवा पीड़ित पत्नी ने बताया कि इसी 14 सितंबर को ठेकेदार मुकेश यादव और उसके आदमी उनके घर आए और पति-पत्नी दोनों को जबरन अगवा कर पपरनौसा गांव ले गए। पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप वहां उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया गया। ठेकेदार और उसके आदमियों ने उन्हें पेड़ से बांधकर और कभी कमरे में बंद करके लोहे की रॉड से 5 दिनों तक बेहरमी से पीटा। पीड़िता साड़ी बदलकर भागी नौलेजा देवी ने बताया कि मारते-मारते मेरी हालत खराब हो गई थी। मुझे एक दिन मौका मिला तो मैं छूट कर भाग निकली। गांव की ही एक महिला ने मेरी जान बचाने के लिए मुझे दूसरी साड़ी दी ताकि मैं पहचानी न जा सकूं। पति को सुबह 4 बजे तक पीट-पीट कर मार डाला मैं रात में वहां से भागी और सुबह अपने घर पहुंची। इसी बीच ठेकेदार ने सुबह 4 बजे सुरेंद्र मांझी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पति की हत्या के बाद नौलेजा ने अपने दामाद के साथ थाने जाकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने गड्ढे से निकाला शव घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय पुलिस हरकत में आई। नूरसराय थाने के चौकीदार सुजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पपरनौसा गांव के पश्चिम में एक पेड़ के पास किसी की लाश दफनाई गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां गड्ढा खोदकर सुरेंद्र मांझी का शव बरामद किया। नमक डालकर दफनाया था हत्यारों ने शव को दफनाने के बाद ऊपर से नमक डाल दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही पुलिस नूरसराय थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह साफ है कि व्यक्ति को अगवा कर उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है और शव को दफना दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर शव को बरामद कर लिया है। पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।
Source link
नालंदा ठेकेदार ने मजदूर दंपति को 5-दिन बंधक बनाकर पीटा:पति की मौत, नमक के साथ शव दफनाया; पत्नी बोली- ₹1000 के बकाया को ₹7 लाख बताकर प्रताड़ित करता था
