![]()
नूंह जिले के पलड़ी गांव में शुक्रवार सुबह एक तीन साल का तेंदुआ मृत मिला। गांव के पास अरावली की तलहटी में उसका शव पड़ा था। तेंदुए का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वन विभाग और वन्य जीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गांव की एक महिला कब्रिस्तान के पास गई थी। तभी उसकी नजर अरावली की तलहटी में पड़े तेंदुए पर पड़ी। पास जाकर देखा तो तेंदुआ मृत था। महिला ने तुरंत ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और वन्य जीव विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने कब्जे में लिया शव विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के शव को सुरक्षित लिया। शुरुआती जांच में उसके शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि तेंदुए की उम्र करीब तीन साल थी और वह पहली नजर में स्वस्थ दिख रहा था। उसकी अचानक हुई मौत के सभी संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारी जहरीले जीव या सांप के काटने जैसे अन्य कारणों की भी जांच कर रहे हैं। तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की असली वजह जानने के लिए बिसरा जांच के लिए बरेली भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि तेंदुए की मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा नूंह के अरावली क्षेत्र में पहले भी तेंदुओं के आने-जाने और उनकी मौत के मामले सामने आते रहे हैं। वन्यजीव प्रेमियों ने तेंदुए की मौत की गहराई से जांच और अरावली क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। डीएफओ वाइल्ड लाइफ गुरुग्राम रामकुमार जांगड़ा ने बताया कि तेंदुए के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद जहर आदि की जांच के लिए बिसरा बरेली भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी और इलाके में निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
Source link
नूंह में मृत मिला तीन वर्षीय तेंदुआ:वन विभाग की टीम ने कब्जे में लिया, शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप
