![]()
पंजाब के 32 किसान संगठनों ने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले चंडीगढ़ में सात दिन के पक्के मोर्चे की तैयारी पूरी कर ली है। किसान आज 10 बजे चंडीगढ़ की ओर कूच करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह राजेवाल की अगुवाई में होने वाले इस कूच में पंजाब के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। किसान चंडीगढ़ के सेक्टर-48 में सात दिन तक धरना देंगे। किसान नेताओं ने बैठक कर कूच और मोर्चे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। अलग-अलग जिलों और गांवों से किसान जत्थों के रूप में चंडीगढ़ पहुंचेंगे। ट्रैक्टर-ट्रॉली, बसों, कारों और मोटरसाइकिलों से किसानों के आने की संभावना को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। IISER चौक से बेस्टेक मॉल तक सड़क बंद धरने को देखते हुए IISER चौक से बेस्टेक मॉल (फेज-11), मोहाली होते हुए जगतपुरा से चंडीगढ़ जाने वाली सड़क सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से इस रास्ते पर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों के लिए तीन वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। पहले विकल्प में IISER चौक से लांडरां रोड, सेक्टर-82/83 रोड और जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने की सलाह दी गई है। दूसरे विकल्प में IISER चौक से एयरपोर्ट रोड, आईटी सिटी/एरॉसिटी और अन्य रास्तों से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचा जा सकता है। तीसरे विकल्प में IISER चौक से फेज-9 रोड, सेक्टर-66/68 और जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने की सलाह दी गई है। सात दिन के मोर्चे के लिए तैयारियां पूरी किसान संगठनों ने सेक्टर-48 में सात दिन के धरने को देखते हुए खाने-पीने के सामान, पानी, दवाइयों और रहने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रखने को कहा है, ताकि धरने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। ट्रैफिक साइन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपना रूट प्लान करें, ट्रैफिक साइन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। किसानों के कूच के कारण मोहाली से चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों को आज ट्रैफिक दबाव और रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।
Source link
पंजाब के 32 किसान संगठनों का चंडीगढ़ कूच आज:7 दिन का मोर्चा लगाएंगे, ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहुंचेंगे; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
