![]()
पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ेगा। राज्य के हिमाचल से सटे तीन जिलों होशियारपुर, पठानकोट और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। रविवार को बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बढ़ गई। इस दौरान तापमान में 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह सामान्य के करीब पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया। हालांकि, 17 जिलों में बारिश बेहद कम हुई। जयपुर के उत्तर में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल में बना निम्न दबाव अब झारखंड पहुंच गया है। धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। वहीं, जयपुर के उत्तर में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दोनों मौसम प्रणालियों के बीच बनी ट्रफ लाइन दिल्ली से खिसककर राजस्थान की ओर चली गई है। गोवा से केरल तक भारी बारिश की संभावना पश्चिमी तट पर तेज सोमाली जेट स्ट्रीम के प्रभाव से गोवा से केरल तक भारी बारिश की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पहाड़ी राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश कम होने के आसार हैं। गर्मी बढ़ने से बिजली की डिमांड बढ़ी तापमान और उमस बढ़ने से बिजली की खपत में भी इजाफा हुआ। रविवार रात पंजाब में बिजली की मांग 13,243 मेगावाट तक पहुंच गई। राज्य की अपनी बिजली उत्पादन क्षमता से 4,934 मेगावाट बिजली पैदा हुई, जबकि ग्रिड से 8,307 मेगावाट बिजली ली गई। बिजली की निर्धारित शेड्यूल 7,987 मेगावाट थी, लेकिन मांग पूरी करने के लिए ग्रिड से 320 मेगावाट अतिरिक्त बिजली लेनी पड़ी। इस दौरान ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज रही।
Source link
पंजाब-चंडीगढ़ में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून:3 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, तापमान 3.2 डिग्री बढ़ा; 17 जिलों में सूखे जैसे हालात
