पंजाब-चंडीगढ़ में बदला मौसम:आज 16 जिलों में बारिश की संभावना, तापमान सामान्य के करीब, मानसून सीजन में 38% कम बारिश




पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। कुछ इलाकों में बारिश होने से मौसम ठंडा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर को पंजाब के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चंडीगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। पंजाब के औसत तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक 37 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। 16 जिलों में बारिश की संभावना पंजाब के 16 जिलों में बारिश की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ जगह बारिश की संभावना है। तरनतारन, मोगा, बरनाला और संगरूर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब के किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। मानसून की विदाई रेखा चंडीगढ़ पर दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी है और इसकी रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। 27 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 28 और 29 सितंबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश से बिजली की मांग घटी बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से पंजाब में बिजली की मांग भी कम हुई है। राज्य में बिजली की मांग 11,159 मेगावाट रही, जबकि खपत 6,339 मेगावाट दर्ज की गई। पंजाब में 4,823 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। निर्धारित बिजली 7,127 मेगावाट थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *