![]()
गिरिडीह के पारसनाथ क्षेत्र में स्थित मधुबन पंचायत के 12 दुर्गम टोलों को अब पक्की सड़क मिलेगी। जिला प्रशासन ने 1.28 करोड़ रुपये की लागत से दो पीसीसी सड़क निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी है। गुरुवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने दलुआडीह गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इन योजनाओं के स्वीकृति पत्र सौंपे। उपायुक्त के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी और अंचलाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। सभी अधिकारी पैदल चलकर गांव पहुंचे। उन्होंने पेड़ की छांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को सुना। उपायुक्त ने ग्रामीणों को बताया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और इसके लिए शीघ्र ही टेंडर जारी किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि पारसनाथ क्षेत्र के कई टोले अभी भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। बरसात में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जहां बीमार लोगों को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। हाल ही में ऐसी तस्वीरें सामने आने के बाद इस समस्या को गंभीरता से लिया गया। मंत्री सुदिव्य कुमार के निर्देश पर इन योजनाओं को तैयार कर स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत योजनाओं में पहली, मधुबन (उत्तरी पारसनाथ) के पिपराडीह से दलुआडीह तक पीसीसी सड़क का निर्माण है। इसकी लागत 88 लाख 62 हजार 400 रुपये है, जिसमें पुलिया निर्माण भी शामिल है। दूसरी योजना कोठटांड़ से वाइल्ड लाइफ सीमा तक पीसीसी सड़क निर्माण की है, जिस पर 39 लाख 57 हजार 400 रुपये खर्च होंगे। दोनों योजनाओं का कार्यान्वयन एनईआरपी एजेंसी करेगी। योजना की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार और जिला प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन आसान होगा, मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
Source link
पारसनाथ के 12 टोलों को मिली सड़क की मंजूरी:1.28 करोड़ की दो पीसीसी योजनाओं के स्वीकृति पत्र DC ने सौंपे
