Headlines

पारिवारिक विवाद के बाद नाबालिग लड़की नदी में कूदी:तेज बहाव के बीच पत्थर पर बैठ फंसी रही, डैम का गेट बंद करवा किया गया रेस्क्यू




बोकारो स्थित तेनुघाट में एक नाबालिग लड़की ने पारिवारिक विवाद के बाद बुधवार को नदी में छलांग लगा दी। तेनुघाट कॉज-वे के पास हुई इस घटना में लड़की लगभग दो घंटे तक नदी के बीच एक पत्थर पर फंसी रही। बाद में उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, जिस समय लड़की ने नदी में छलांग लगाई, उस समय बहाव काफी तेज था। पानी के तेज बहाव के साथ बहते हुए लड़की नदी की बीच धारा तक पहुंच गई। वहां वह एक पत्थर पर बैठ गई और लगभग दो घंटे तक अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करती रही। गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया घटना की सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद नाबालिग लड़की को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। कॉज-वे से गुजर रहे लोगों की नजर जब नदी के बीच पत्थर पर बैठी लड़की पर पड़ी तो वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने तुरंत तेनुघाट ओपी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तेनुघाट डैम के पांच गेट खुले हुए थे
उस समय तेनुघाट डैम के पांच गेट खुले हुए थे, जिसके कारण नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। ऐसे में नदी के बीच फंसी लड़की को बाहर निकालना काफी जोखिम भरा था। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले डैम के गेट बंद करवाने की पहल की। गेट बंद होने के बाद नदी में पानी का स्तर और बहाव धीरे-धीरे कम होने लगा।

इसके बाद स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी सावधानी के साथ नदी के बीच पहुंचकर लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोपहर करीब दो बजे उसे नदी से बाहर निकालने में सफलता मिली। करीब दो घंटे तक नदी के बीच फंसी रहने के कारण लड़की काफी सहमी हुई थी।
पुलिस ने लड़की के परिजनों को थाना बुलाया
नदी से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की। बाद में पुलिस ने लड़की के परिजनों को थाना बुलाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।

ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक नाबालिग लड़की नदी की बीच धारा में एक पत्थर पर बैठी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पानी का बहाव काफी तेज था। पहले डैम के गेट बंद करवाए गए, जिससे बहाव कम हुआ। इसके बाद स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से लड़की को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *