![]()
शाहजहांपुर नगर निगम में पार्षदों के एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। इस वीडियो में पार्षदों को निगम की आमदनी आपस में बांटने की शपथ लेते देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद एक मनोनीत महिला पार्षद पूनम मेहरोत्रा ने आहत होकर इस्तीफा दे दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने इसमें शामिल पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि मनोनीत महिला पार्षद ने वायरल वीडियो देखने के बाद अपना इस्तीफा नगर निगम कार्यालय में टेबल पर रख दिया। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया है या नहीं। नगर निगम के पार्षदों का यह वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। इसमें पार्षद हाथ में जल लेकर निगम की आमदनी को बराबर बांटने की शपथ लेते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद महापौर अर्चना वर्मा और महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने वीडियो में दिख रहे पार्षदों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा था। नोटिस जारी हुए तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन इस मामले में मंत्रियों या पार्षदों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस स्थिति के कारण जनता में असंतोष बढ़ता दिख रहा है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने वायरल वीडियो को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जनता से विकास के वादे किए थे, जिनमें गलियां, नालियां और पाइपलाइन बिछाना शामिल था। अब जब निगम की आमदनी के बंटवारे की बात करने वाला वीडियो सामने आया है, तो जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। तनवीर खां ने वायरल वीडियो की जांच कराकर दोषी पार्षदों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि एक पार्षद सामने आए जो एक मंत्री के बेहद करीबी माने जाने हैं। उन्होंने साफतौर पर कसम खाने वाले पार्षदों का बचाव किया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी भी खूब फजीहत हो रही है। लोगो की मांग है कि सूबे के मंत्री इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दें। ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। कांग्रेस ने भी इस मामले में शामिल पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Source link
पार्षदों के वीडियो वायरल, आहत मनोनीत महिला पार्षद का इस्तीफा:शाहजहांपुर में सपा ने वीडियो में दिखने वाले पार्षदों पर कार्रवाई की मांग की
