Headlines

पुलिस ने देर रात हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के घर दी दबिश:2100 से ज्यादा बदमाशों का रिकॉर्ड खंगाला, 50 पर बाउंड ओवर




दुर्ग में पुराने और आदतन बदमाशों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों का बाउंड ओवर कराया। इनके पुराने अपराधों से जुड़े रिकॉर्ड, मौजूदा गतिविधियों और पुलिस के पास दर्ज अन्य जानकारियों को भी जांचकर अपडेट किया गया। पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर की रात से जिले के अलग-अलग इलाकों में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है और जो पहले से पुलिस की निगरानी में हैं। करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही उनकी मौजूदा स्थिति और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज की गई। पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है पुलिस
इस कार्रवाई का एक अहम हिस्सा पुराने पुलिस रिकॉर्ड को दोबारा जांचना है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों से जुड़े पुराने मामलों, उनके वर्तमान ठिकाने, गतिविधियों और संपर्क में रहने वाले लोगों से संबंधित जानकारी को अपडेट किया। इसका फायदा यह होगा कि किसी बदमाश की गतिविधि संदिग्ध होने पर पुलिस के पास उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ वर्तमान जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। पुलिस की नजर सिर्फ 50 लोगों तक सीमित नहीं है। दुर्ग जिले में अब तक करीब 2100 आदतन बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों का रिकॉर्ड इस प्रक्रिया के तहत अपडेट कराया जा चुका है। यानी जिले में अपराध का पुराना रिकॉर्ड रखने वाले दो हजार से ज्यादा लोगों की जानकारी पुलिस के निगरानी तंत्र में दर्ज है। वसूली, धमकी और मारपीट के मामले तक में शामिल हैं आरोपी
पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर पहले से नजर रखकर संभावित विवाद, मारपीट, धमकी, वसूली या दूसरे अपराधों को रोकने की कोशिश की जा रही है। खासकर ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है, जिनका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। सभी बदमाशों से बाउंड ओवर की कार्रवाई कर अपराध पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है। बाउंड ओवर की कार्रवाई के जरिए संबंधित व्यक्ति को कानून के दायरे में रखते हुए आगे किसी तरह की गड़बड़ी नहीं करने के लिए पाबंद किया जाता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *